फोटो-20-रेलवे क्रॉसिंग के पास लगा जाम और परेशान राहगीर।संवाद
अछल्दा। दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग पर स्थित 13बी क्रॉसिंग पर फाटक की मरम्मत के लिए शनिवार सुबह 11.40 बजे इमरजेंसी बूम लगाकर फाटक बंद कर दिया गया। इससे बिधूना व फफूंद मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
लगभग एक घंटे बाद रेलकर्मियों ने फाटक का मरम्मत कार्य पूरा किया। दोपहर 12.40 बजे फाटक खोला गया, लेकिन जल्दबाजी की होड़ में ट्रैक पर जाम लग गया। मौके पर मौजूद पुलिस व आरपीएफ ने कड़ी मशक्कत के साथ जाम खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान इटावा की तरफ से कानपुर की जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस को फाटक बंद न होने से आउटर के होम सिग्नल पर दो मिनट के लिए रोका गया।
इसके बाद ट्रैक से वाहन हटवाकर 12.51 बजे फाटक को बंद कराकर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इसके बाद 12.53 बजे दोबारा फाटक खोलकर 1.05 बजे जाम पूरी तरह से खोला जा सका। इससे यात्रियों को घंटेभर से ज्यादा समय तक परेशान रहना पड़ा। (संवाद)