अपहरण में प्रयुक्त कार का कानपुर आरटीओ से पता लगाने गए अधेड़ का कन्नौज से सशस्त्र बदमाशों ने अपहरण कर लूट लिया। मारपीट के बाद बदमाशों ने अधेड़ को बेला-रसूलाबाद मार्ग पर अधमरा फेंक दिया। पीड़ित ने थाने में मामले की तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
गुलाबपुरा जनपद इटावा निवासी मनोज यादव ने थाने में दिए शिकायती पत्र में बताया कि विगत एक फरवरी को उनके गांव के विरोधी ने साजिश के तहत मनियामऊ इटावा पर बुलाकर उसका अपहरण कर लिया था। खुद को खतरे में देख वह मानिकपुर मोड के पास चलती कार से कूद गया था। मौके पर मौजूद राहगीरों ने कार का नंबर ले लिया था। शनिवार को वह कानपुर आरटीओ आफिस गया थ।
तभी आरटीओ आफिस के समीप आरोपियों ने उसे घेर लिया वह किसी तरह ेस हरदोई डिपो की रोडवेज बस पर बैठ गया। पीड़ित मनोज ने बताया कि वह कन्नौज में जब हरदोई मोड पर उतरा तो कार सवार बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और कार में बैठा लिया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने रास्ते में तमंचों की वटों से उसकी जमकर पिटाई की और जबरक कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
पीड़ित ने बताया कि उक्त बदमाशों ने उसकी जेब से रुपये व मोबाइल लूट लिया और बेला-रसूलाबाद मार्ग पर स्थित मल्हौसी मोड के पास उसे खंदी में फेंक दियाञ। जब उसे होश आया तो उसने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल पांडेय ने बताया शिकायती पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच चल रही है।