मुरादगंज (ब्यूरो)। कस्बे के चौराहे पर मंगलवार सुबह जब लोग निकले तो सड़क किनारे एक मानसिक रूप से कमजोर महिला सो रही थी। कोई हरकत न देख शव समझकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर आ गई। सूचना पर एंबुलेंस पहुंची। जब एंबुलेंस कर्मियों ने उसे उठाया तो महिला जाग गई।
मंगलवार सुबह चौराहे पर स्थित श्रीराम मार्केट के सामने रोड किनारे एक महिला लेटी हुई थी। काफ ी देर तक जब महिला के शरीर मे कोई हरकत नहीं हुई तो लोगों को लगा की वो मृत है। इस पर हंगामा मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तरह तरह की चर्चाएं भी होने लगी। सूचना पर चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सिंह पहुंच गए।
उन्होंने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने जब महिला को उठाने की कोशिश की तो वह जाग गई। पूछताछ में महिला कुछ सही नहीं बता पा रही थी। पुलिस वालों ने भी उसे छोड़ दिया। इसके बाद महिला फिर कस्बे में उसी तरह से घूमने लगी। कहां से आई और कौन है। ये किसी को नहीं पता है।