पीड़ित कृष्ण कुमार से पूछतांछ करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
संजय गेट के पास एक दुकान पर पेन खरीद रहे वृद्ध की जेब से बदमाशों ने दो लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। पीड़ित को आश्वासन दिया कि जल्द बदमाशों को पकड़ा जायेगा। दिनदहाड़े हुयी घटना से व्यापारियों और दुकानदारों में दहशत है।
शहर के संकट मोचन मंदिर के पास रहने वाले कृष्ण कुमार विश्नोई सोमवार दोपहर घर से दो लाख रुपया लेकर भतीजे के खाते में जमा करने बैंक आफ इंडिया जा रहे थे। रास्ते में संजय गेट के पास कालेज बुक डिपो पर वह पेन खरीदने लगे। इसी बीच उनके बगल में खड़े दो युवकों ने उनके कुर्ते की जेब से दो लाख रुपये की गड्डियां निकालकर फरार हो गए। जैसे ही कृष्ण कुमार ने पेन का रुपया देने के लिये जेब में हाथ डाला तो उनके होश उड़ गये। उन्होंने चीखते हुए बगल में खड़े युवकों की आसपास तलाश की, लेकिन वह नहीं मिले।
पीड़ित कृष्ण कुमार ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध से पूछताछ की। वृद्ध ने बताया कि उसकाभतीजा राजपुर, कानपुर देहात मेें पेप्सी की एजेंसी लिए है। उसके खाते में वह रुपया जमा करने जा रहा था। पूछताछ के बाद पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल शुरू की। कोतवाली के एसएसआई बलराज शाही ने बताया कि मामला उनकी संज्ञान में आ चुका है। पुलिस उन युवकों की तलाश में जुटी है। जल्द ही उचक्के पुलिस की गिरफ्त में होंगे। बताया कि पीड़ित की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गयी है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।