रामपुर कारखाना। थाने के बगल में स्थित पूर्वांचल ग्रामीण बैंक की शाखा में घुसकर चोरों ने लॉकर तोड़ने का प्रयास किया। सफल नहीं होने पर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए थे। सोमवार की सुबह दस बजे शाखा प्रबंधक बैंक पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। एसओ ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। थाने के बगल में पूर्वांचल ग्रामीण बैंक की शाखा है।
शनिवार-रविवार को बैंक बंद था। चोर बैंक के पीछे लगे सायरन वाले रोशनदान को काटकर बैंक के अंदर दाखिल हुए। बगल में सीसीटीवी का तार था। उसे भी चोरों ने काट दिया। अंदर दाखिल होने के बाद चोरों ने सभी काउंटर को खंगाला लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। बैंक के कैश बॉक्स को भी खोलने की कोशिश की गई लेकिन सफल नहीं हुए। फिर कुंडी तोड़कर चोर लॉकर के पास पहुंचे और उसे खोलने का प्रयास किया। सोमवार की सुबह दस बजे बैंक में जब शाखा प्रबंधक सुनील कुमार श्रीवास्तव पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था।
रोशनदान कटा था, लॉकर भी क्षतिग्रस्त थे लेकिन सामान सुरक्षित था। उन्होंने बैंक में चोरी के प्रयास की सूचना एसओ परमाशंकर यादव को दी। थानेदार तत्काल फोर्स के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि चोरी का प्रयास हुआ है। छानबीन की जा रही है। तहरीर मिली है। केस दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।