पीछे खड़े पकड़े गए तीन अभियुक्त, जानकारी देते एएसपी पंकज।
- फोटो : अमर उजाला
दिबियापुर थाना क्षेत्र में दस दिन पहले तीन दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों को पुलिस व एसओजी की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए अभियुक्ताें की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई 24 बैटरियां बरामद की है। वहीं इस मामले में पुलिस को अभी एक फरार अभियुक्त की तलाश है।
11 अगस्त को दिबियापुर थाना क्षेत्र में तीन दुकानों के अलावा एक कार चोरी गई थी। मामले में एसओजी टीम व थाना पुलिस लगातार चोरों की तलाश में दबिश दे रही थी। सोमवार को पुलिस ने छापामारी के दौरान दिबियापुर कस्बे में फफूंद चौराहे के पास खड़े जितेंद्र पुत्र सिपाही लाल निवासी लोहई थाना सिरसा जिला जालौन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने उक्त चोरी की घटना को कबूल किया। इसके बाद चोरी में शामिल अन्य साथियों के नाम व उनके मिलने की जानकारी दी। जिस पर एसओजी प्रभारी संतोष कुमार मिश्रा ने टीम के साथ आरोपी की निशानदेही पर घटना में शामिल गफलू पुत्र दशरथ सिंह निवासी बैरई थाना कालपी जिला जालौन व गुलाब उर्फ मेहराज खां पुत्र लल्लन खां निवासी हैदरी कालपी को गिरफ्तार किया।उसके पास से चोरी की गई 24 बैटरियां भी बरामद की।
एएसपी पंकज ने बताया कि यह बहुत ही शातिर किस्म के अपराधी हैं। इससे पहले भी दो साल पहले 2014 में इन्हीं लोगों ने दिबियापुर क्षेत्र सहित जिले में अन्य जगहों पर कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इसमें जेल भी गए थे। बताया कि अभी कुछ ही दिन पहले उक्त अभियुक्त जेल से बाहर निकले थे। इसके बाद उन्होंने फिर से घटना को अंजाम दे दिया। एएसपी पंकज ने बताया कि इनका एक साथी शानू उर्फ आशिक अली पुत्र रौनक अली निवासी नया पटेल नगर उरई पहले ही बैटरी चोरी की घटना में जेल जा चुका है। उक्त अभियुक्त को अभी पुलिस रिमांड पर लेकर और घटनाओं के मामले में पूछताछ करेगी। एक फरार साथी समीर उर्फ खालिद उर्फ बहरा पुत्र जमीन निवासी नया पटेल नगर की पुलिस को तलाश है।