फेक कॉल. विशिंग
एसओ अछल्दा के साथ उनके आवास पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने वाले सिपाही को एसपी ने निलंबित कर दिया। उसके खिलाफ थाना प्रभारी ने थाने में मामला भी दर्ज कराया है। जांच में समाने आया कि मारपीट के आरोपी सिपाही ने फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी पाई थी।
अछल्दा थाना प्रभारी राम निवास से उनके आवास पर गाली गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने वाले सिपाही बीरेश कुमार पुत्र स्व. महवीर सिंह निवासी सुल्तानपुर किशनी के खिलाफ एसओ ने अछल्दा थाने में मामला दर्ज कराया है। मामले की जानकारी होने पर एसपी ने सिपाही बीरेश को निलंबित कर दिया। एसओ राम निवास ने रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान बताया कि उनसे अभद्रता करने वाले सिपाही बीरेश ने नट जाति का फर्जी प्रमाण पत्र बनवाकर अनुचित लाभ लेकर नौकरी पाई है।
इसकी जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। सिपाही कई सालों से नौकरी करता रहा। मगर जब थानाध्यक्ष से हाथापाई हुई तो उसकी कुंडली खुलने लगी। इस संबंध में एसपी रामकिशोर ने बताया कि फर्जी प्रमाण पत्र का मामला कल ही संज्ञान में आया है। इसकी जांच एएसपी को दी गई है। अगर प्रमाण पत्र फर्जी निकलता है तो निष्कासन की कार्रवाई के साथ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।