कुछ दिनों पहले शादी के नाम पर बेंची गई किशोरी को बुधवार को परिजन अचानक चारपाई पर लेकर एसपी आवास पहुंच गए। वे लोग एसपी से मुलाकात करने की बात कहकर हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची महिला थाना पुलिस को परिजनों ने बताया कि किशोरी के साथ हुए बलात्कार से वह दहशतजदा है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं आरोपी पक्ष के लोगों ने खुद को बेगुनाह बताकर किशोरी और उसके परिजनों पर ही आरोप लगाए है।
एक सप्ताह पहले फफूंद थाना क्षेत्र में बेंची गई किशोरी के परिजन बुधवार की देर शाम उसे चारपाई में लिटाकर एसपी आवास गेट पर पहुंच गए। जहां पर परिजनों ने एसपी से मिलने को लेकर हो हल्ला किया। अचानक काफी लोगों के एसपी आवास पर एकत्रित होते देख महिला थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची थानाध्यक्ष संगम भदौरिया ने पीड़िता के परिजनों से मामले की जानकारी की। जिस पर उन्होंने बताया कि बेंचे जाने के बाद उसके साथ हुए बलात्कार से किशोरी दहशतजदां होकर बीमार हो गई है।
इस पर महिला थानाध्यक्ष ने उसे सौ शैय्या युक्त जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। इस मामले में महिला थानाध्यक्ष संगम भदौरिया ने बताया कि पीड़ित किशोरी की ओर से अपने को बेंचे जाने को लेकर कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। इसकी अभी जांच चल रही है। वहीं किशोरी की खरीद करने के मामले में दर्ज कराए गए मुकदमें में आरोपी बनाए गए फफूंद थाना क्षेत्र निवासी रेखा, बीनू, भोला व शिवम ने एसपी अतुल शर्मा से मिलकर अपने को निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि किशोरी की शादी उसकी इच्छा व माता-पिता की मौजूदगी में कराई गई थी। इस मामले में किशोरी व उसके परिजनों की ओर से रूपये की मांग की जा रही थी। जिसे पूरा न करने के कारण उन लोगों पर फर्जी आरोप लगाकर फंसाया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें एक आरोपी छह साल का है। उन्होंने एसपी से मामले की निष्पक्षता से जांच कराकर न्याय दिए जाने की गुहार लगाई है।
किशोरी की खरीद फरोख्त के मामले में दर्ज कराए गए आरोपी उनसे मिले थे तथा अपने को दोषी बताते हुए निष्पक्षता से जांच कराए जाने की मांग की है। इस प्रकरण में महिला थानाध्यक्ष को मामले की निष्पक्षता से जांच करने के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में जो भी सामने आएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पंकज शर्मा
एसपी