घटना के बाद बैंक के बाहर खड़ा बेंचेलाल
- फोटो : amarujala
कंचौसी(औरैया)। बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर घर जा रहे बुजुर्ग से बाइक सवार बदमाशों ने नोटों भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर उसके ऊपर तमंचा तान दिया। इसके बाद नोटों भरा बैग छीनकर दोनों बाइक से रफूचक्कर हो गए। डरा-सहमा बुजुर्ग घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर पुलिस चौकी पर पहुंचे और तहरीर दी।
दिबियापुर थाने क्षेत्र के सुखमपुर गांव निवासी बेंचेलाल रिटायर्ड रेल कर्मचारी है। मंगलवार को दोपहर वो प्लाट के बयाना देने के लिए तीन लाख रुपये निकालने कंचौसी के सेंट्रल बैंक आए थे। बैंक से रुपये निकालने के बाद वह वापस घर के लिए चले। सुखमपुर गांव के पास दो बाइक सवारों ने उन्हें रोक लिया और रुपयों से भरा झोला छीनने लगे। बेंचेलाल ने इसका विरोध किया तो एक ने तमंचा निकालकर तान दिया और झोला छीनकर वापस कंचौसी की तरफ बाइक से भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित बेंचेलाल बदहवाश हालत में जब घर पहुंचे तो परिजनों ने उनसे पूछताछ की। जिस पर उन्होंने पूरी घटना की जानकारी घर वालों को दी। उनके पुत्र सुनील ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के पर घर पहुंचा और पिता से घटना की जानकारी की। इसके बाद सुनील ने डॉयल 100 पर सूचना दी लेकिन फोन नहीं लगा। तब वह पिता को लेकर कंचौसी चौकी में पहुंचा। चौकी इंचार्ज कंचौसी शीलेन्द्र कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जो भी सत्यता होगी उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बैंक के सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं पीड़ित बेंचेलाल का कहना है कि रुपये छीनने वाले बाइक सवार बदमाशों को उन्होंने बैंक में देखा था। देखने पर वह पहचान लेंगे।