कोतवाली के बाहर खड़े लापता छात्र के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कोतवाली क्षेत्र के गांव बरम्हूपुर निवासी कक्षा चार का छात्र आठ दिन से लापता है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए एक व्यक्ति का नाम पुलिस को बताया है। पुलिस ने शक के आधार पर संदिग्ध को हिरासत में लिया है। कोतवाली में मामले की गुमशुदगी दर्ज की जा चुकी है।
क्षेत्र के गांव बरम्हुपुर निवासी पप्पू उर्फ राजेश कुमार का पुत्र रोहित उर्फ बउआ (12) 18 नवंबर को स्कूल पढ़ने गया था। स्कूल की छुट्टी के बाद भी जब छात्र घर नहीं आया तो पप्पू ने प्रधानाचार्य से जानकारी ली। इस पर पता चला कि उसका पुत्र घर के लिए जा चुका है, देर रात तक छात्र के वापस न लौटने पर परिजनाें ने तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बाद में लापता छात्र के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर थाने में लापता छात्र के पोस्टर चस्पा करा दिया।
रविवार को कोतवाली पहुंचे परिजनों ने छात्र के अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए व्यक्ति का नाम बताया। पीड़ित ने बताया कि वह पिछले चार-पांच दिन से कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वैसे पुलिस ने शक के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में सीओ सिटी भास्कर वर्मा ने बताया कि गुमशुदा छात्र की तलाश जारी है। इस मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है।