सेफ में बिखरा सामान दिखाता पीड़ित का बड़ा भाई चंद्रजीत
- फोटो : अमर उजाला
पत्नी, बच्चों को साथ लेकर अपनी मां संग गांव में राखी का त्योहार मनाने गए सीआरपीएफ के एएसआई के घर का सारा सामान चोर समेट ले गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की।
पूर्वी रेलवे कालोनी फफूंद के समीप कृ ष्णा नगर मुहाल में सीआरपीएफ के एएसआई निक्कू यादव पुत्र हाकिम सिंह का परिवार रहता है। निक्कू वर्तमान में श्रीनगर स्थित पोस्ट पर तैनात हैं। 17 अगस्त को रक्षाबंधन मनाने दिबियापुर अपने घर आए।
18 अगस्त की शाम को रक्षाबंधन का त्योहार मां एवं परिजनों के साथ मनाने के लिए पास में ही स्थित अपने गांव हरी सिंह मडै़या चले गए। उनके साथ पत्नी एवं बच्चे भी चले गए। शुक्रवार सुबह जब निक्कू अपने पत्नी बच्चों के साथ दिबियापुर स्थित अपने घर लौटे तो यहां का नजारा देखकर दंग रह गए। घर के अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। नकदी, जेवरात, इलेक्ट्रानिक्स सामान सभी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। पीड़ित के अनुसार बक्से में रखी 4 सोने की चूड़ी. सोने की चेन, सोने का हार, 4 अंगूठी, चांदी की पेटी, टीवी, फ्रिज, कूलर, दो गैस सिलेंडर आदि सामान चोर भर ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर दिबियापुर के कस्बा इंचार्ज विनीत उपाध्याय घटनास्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने जांच करके कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। प्रभारी निरीक्षक आदित्य प्रकाश यादव के अनुसार अभी तक पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।