-गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम,
- फोटो : amar ujala beuro
एरवाकटरा क्षेत्र में सपा के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों में कई राउंड गोलियां चलीं। दोनों गुटों में टकराव अवधेश हत्याकांड को लेकर होना बताया जा रहा है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बिधूना-एरवा मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने कई घंटो बाद जाम खुलवाया।
सपा युवा नेता अखिलेश कुमार उर्फ कल्लू यादव निवासी बमुराह थाना बिधूना ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि एरवाकटरा के गुलालपुर के बीच जितेंद्र व ब्रजेंद्र सिंह उर्फ बउआ पुत्र रामसनेही यादव निवासी कटैया सड़क पर हाथों में तमंचा लिए खड़े थे। जैसे ही उन्होने गाड़ी रोकी जितेंद्र व ब्रजेंद्र ने फायर कर दिया। दूसरी ओर सपा नेता छुन्ना यादव निवासी कटैया ने थाना एरवाकटरा में दी तहरीर में आरोप लगाया। बताया कि दिन में वह पत्नी मिथलेश कुमारी को लेकर रिश्तेदारी से बाइक से घर वापस जा रहा था।
कवा मोड़ पर पहले से घात लगाए स्कार्पियो में बैठे अखिलेश उर्फ कल्लू, भरे यादव पुत्रगण छोटेलाल, सुनील यादव पुत्र मानसिंह निवासी बमुराह थाना बिधूना, शनि यादव निवासी सामपुर ने बाइक जैसे ही देखी कि अखिलेश व सुनील ने जान से मारने की नियत से लाइसेंसी रायफल से फायर कर दिया। दोनों पक्षों ने कोतवाली व एरवाकटरा थाने में तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नही हो सका था। इस घटना से ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पहले घटना फिर जाम से पुलिस के हाथ पांव फूल गए।