दो दिन पहले गुमटी मोहाल में हुए गोलीकांड में युवक की मौत के आरोपी ने ने शनिवार को कोतवाली में सरेंडर कर दिया। घटना को लेकर दो दिन से पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी की पत्नी व दो अन्य लोगों को पुलिस ने छोड़ दिया। इसके चलते पूरे दिन कोतवाली में गहमागहमी रही।
गुुरुवार रात नशेबाजी में चली गोली से गुमटी मोहाल निवासी सोनू उर्फ हासिम पुत्र इब्राहीम की मौत हो गई थी। मामले में मृतक की पत्नी अनीसा शेख ने कोतवाली में मोहल्ला निवासी विनीत पोरवाल के खिलाफ पति की गोली मारकर हत्या किए जाने की तहरीर दी थी। पुलिस ने रात ही में आरोपी की पत्नी कल्पना सहित मोहल्ले के ही दो युवकों को हिरासत में लिया था। इस प्रकरण में शनिवार को आरोपी विनीत पोरवाल ने कोतवाली में सरेंडर कर दिया।
वहीं सूत्रों के मुताबिक घटना के दिन ही पुलिस ने आरोपी की 12 बोर की बंदूक को कब्जे में ले लिया था। सीओ सिटी सुभाष अत्री आरोपी विनीत पोरवाल को लेकर कोतवाली आए। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि दो दिन पूर्व हुई गोलीकांड की घटना में आरोपी युवक ने शनिवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
सरेंडर की सूचना दबाने में लगे रहे कोतवाल
आरोपी युवक विनीत पोरवाल के सरेंडर किए जाने के मामले में जब कोतवाली प्रभारी नन्हें लाल यादव से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि समर्पण कोर्ट में किया जाता है, पुलिस के समक्ष नहीं। जबकि एसपी ने समर्पण की बात स्वीकार की। हालांकि कोतवाल इस मामले को पुलिस का गुडवर्क दिखाकर गिरफ्तारी दिखाने की फिराक में थे।
मृतक के जनाजे में उमड़ी भीड़
नशेबाजी में अचानक चली गोली में मृतक युवक सोनू का शव शुक्रवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी अनीसा शेख रो-रो कर बेहोशी की हालत में पहुंच गई। वहीं मृतक के मासूम बच्चों को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखों से आंसू छलक आए।
धोखे से लग गई गोली
कोतवाली सरेंडर करने पहुंचे आरोपी युवक विनीत पोरवाल से जब सोनू की गोली लगने से हुई मौत पर पूछा तो उसकी आंखें छलक उठी। वह बोला सोनू से उसके अच्छे संबंध थे। उसे धोखे से गोली लग गई। उसे उस घटनाक्रम पर अफसोस है।