औरैया। कारोबारी गतिविधियों के मामले में भले सूबे में औरैया का स्थान न हो पर बचत के मामले में औरैया जनपद ने प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया है। राष्टीय बचत योजनाओं में जनपद ने एक वर्ष में 66 करोड़ से ज्यादा की राशि जमाकर सूबे के टॉप टेन जिलों में सातवें स्थान पर रहा। ये राशि लक्ष्य के मुकाबले 217.67 फीसदी है।
राष्ट्रीय बचत कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2017-18 में वार्षिक लक्ष्य 33 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया था। जिसके सापेक्ष 271.67 प्रतिशत राजस्व की वसूली हुई। वित्तीय वर्ष 2017-2018 में 66.25 करोड़ रुपये का राजस्व जिले के विभिन्न डाकघरों में खोले गए खातों से हुई है। बुधवार को जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री धर्मसिंह सैनी ने समीक्षा के दौरान जिले के अधिकारियों को बधाई दी थी। तो वहीं सहायक सांख्यिकी अधिकारी हिना नाज को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिलाधिकारी श्रीकांत मिश्रा, सीडीओ सतेंद्र नाथ चौधरी व अन्य अधिकारियों ने बधाई दी।