नेबिलगंज बाजार से मोबाइल लूट कर भागे तीन युवकों में एक की हादसे में मौत हो गई थी। जबकि दो फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। मृतक के पिता ने साथियों पर ही हत्या की तहरीर दी है।
गुरुवार रात करीब 9:30 बजे नेविलगंज स्थित विनोद पोरवाल की दीक्षा मोबाइल सेंटर पर बाइक सवार तीन युवक मोबाइल खरीदने गए। दुकानदार से मोबाइल छुड़ाकर तीनों युवक बाइक से नहर के किनारे दिबियापुर-घसारा मार्ग पर भागे। वहां लगे बैरियर से बाइक टकरा गई। तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। एक युवक के सिर पर अधिक चोट लग गई। पीछा कर रहे दुकानदार मौके पर पहुंचे तो युवक घायल पड़ा था। दो युवक फरार हो चुके थे। दुकानदारों ने घायल को अस्पताल ले गए जहां उसने दम तोड़ दिया।
मृतक युवक की शिनाख्त अनुज उर्फ बेटालाल पुत्र केशव दयाल निवासी सुभानपुर के रूप में हुई। पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर अज्ञात तीन युवकों पर मोबाइल छीनकर भागने की रिपोर्ट दर्ज की है। इधर मृतक के पिता ने बेटे के दो साथियों पर हत्या की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं पुलिस ने दोनो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी मगर आरोपी हत्थे नही चढ़ सके। थानाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट रविवार तक मिल जाएगी। उसमें मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।