धनौती रेलवे ढाले पर पलटा ट्रक।
- फोटो : नीलांबुज
सलेमपुर (देवरिया)। रेलवे ढाले पर अचानक ट्रक पलट जाने से भटनी-वाराणसी रूट पर सवा दो घंटे तक ट्रेनों का आवागमन ठप रहा। हादसे की खबर मिलते ही नजदीकी स्टेशनों पर ट्रेनों को रोक दिया गया। रेलकर्मियों के प्रयास से ट्रक को हटाया गया। दोपहर तक चेन बांधकर मेमो पर ट्रेनों को चलाया गया।
जीआरपी ने चालक पर केस दर्ज कर लिया है। लाररोड-सलेमपुर रेलवे स्टेशन के बीच धनौती ढाले पर बलिया से देवरिया जा रहा प्याज लदा ट्रक सुबह 6.15 बजे अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक पर पलट गया। इससे ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया।
दादर, गोदान, कृषक और इंटरसिटी एक्सप्रेस सलेमपुर और लाररोड रेलवे स्टेशन पर घंटों खड़ी रहीं। रेलवे ट्रैक बाधित होने की खबर मिलते ही सीनियर सेक्सन इंजीनियर मऊ, सेक्सन इंजीनियर रेलपथ सलेमपुर, आरपीएफ इंस्पेक्टर के अलावा रेलवे अफसरों की टीम मौके पर पहुंच गई। ढाई घंटे प्रयास के बाद क्रेन के माध्यम से ट्रक को हटाया गया। 8.45 बजे ट्रेनों का आवागमन शुरू हुआ।
रेलवे ढाला बंद नहीं होने के कारण जंजीर बांधकर दोपहर करीब दो बजे तक इधर से गुजरने वाली ट्रेनों को मेमो पर चलाया गया। आरपीएफ ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर पीएन पासवान ने बताया कि चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।