पकड़े गए अभियुक्तों को जेल भेजती कोतवाली पुलिस।
- फोटो : amarujala
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नसीराबाद में खेत को लेकर विवाद होने पर एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग करते हुए दहशत फैलाई थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले फायरिंग करने वाले लोग भाग निकले थे। पुलिस ने छापेमारी करते हुए तीन लोगों की गिरफ्तारी की। एक रिवाल्वर व एक दोनाली बंदूक को कब्जे में लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि फरार अभियुक्तों की भी शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
गांव नसीराबाद में हुकुम सिंह पुत्र वृंदावन ने पुलिस को बताया कि शनिवार की दोपहर 12 बजे वह अपने साझेदार छोटेलाल कठेरिया के साथ खेत पर था। सतीश दीक्षित पुत्र राम शंकर निवासी बदनपुर पांच गाड़ियों से मौके पर पहुंचे और उसके खेत पर कब्जे का प्रयास किया। विरोध करने पर उक्त ने फायरिंग करते हुए दहशत फैलाई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले फायरिंग करने वाले लोग मौके से भाग निकले। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। बाबू सिंह पुत्र वृंदावन, वृंदावन निवासी नसीराबाद और सतीश चंद्र पुत्र रामशंकर दीक्षित निवासी बदनपुर को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक रिवाल्वर और एक दोनाली बंदूक बरामद की गई है। इस मामले में फरार आठ अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।