कोतवाली पुलिस ने 24 किलो गांजा के साथ एक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी क्षेत्र में फुटकर गांजा बेचने का काम करता है। गांजा की कीमत चार लाख रुपये बताई जा रही है।
रविवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में बिक्री के लिए एक बोरी गांजा आया है। इस पर पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की। कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने गिरधारीपुर गांव में दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एक व्यक्ति को खेत पर एक बोरी ले जाते देखा। उन्होंने उसे रुकने के लिए आवाज लगाई तो वह भागने लगा। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम तुलसीराम पुत्र हरिकिशन निवासी गिरधारीपुर बताया। बोरी से 24 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस आरोपी और गांजा को कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी बाहर से गांजा लेकर क्षेत्र में फुटकर में बेचता है। बिहार से ट्रक के जरिए गांजा लाया जाता है। पकड़े गए गांजा की कीमत चार लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।