नगर में ताबड़तोड़ चोरियों होने और किसी भी चोरी का खुलासा न होने से आक्रोशित व्यापारियों ने शुक्रवार को घूम-घूमकर बाजार बंद कराया। बाद में थाने के गेट पर धरना दिया। पुलिस के 24 घंटे में घटना के खुलासे के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना स्थगित कर दिया। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि माल बरामदगी के साथ घटना का खुलासा न होने पर शनिवार सुबह 10 बजे से दोबारा धरना दिया जाएगा।
शुक्रवार सुबह व्यापारियों को एक साथ तीन चोरियां होने की घटना की सूचना मिली तो व्यापारी घटनास्थल पर उमड़ने लगे। चोरियों का खुलासा न होने पर आक्रोशित सभासद प्रतिनिधि एवं व्यापारी नेता अरविंद पोरवाल ने बाजार बंदी का आह्वान किया। इस पर सभी व्यापारी दिबियापुर में बाजार बंद कराने के लिए पैदल ही निकल पड़े। इस बीच सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री राजा भइया ने भी बाजार बंदी के समर्थन किया। साथ ही दिबियापुर थाने पर आयोजित धरना प्रदर्शन में पहुंचने को कहा। लगभग 10 बजे थाने गेट पर बैठकर व्यापारियों ने नारे लगाए। इस बीच सीओ चौधरी रमेश सिंह ने तीन दिनों में घटनाओं के खुलासे का आश्वासन दिया। लेकिन व्यापारियों ने कहा कि पहले पिछली चोरियों का खुलासा करो।
तभी वे लोग धरना प्रदर्शन समाप्त करेंगे। दोपहर एक बजे दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक आदित्य प्रकाश यादव एवं फफूंद थानाध्यक्ष डीपी सिंह ने दोबारा व्यापारियों से वार्ता की। 24 घंटे में खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया। इस पर व्यापारी मान गए और धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। हालांकि व्यापारी नेता अरविंद पोरवाल ने चेतावनी दी कि यदि शनिवार सुबह तक खुलासा न हुआ तो सुबह 10 बजे से थाना गेट पर दोबारा धरना प्रदर्शन करेंगे। धरने में डा.मनोज पोरवाल, अरविंद पोरवाल, सुखलाल गुप्ता, कन्हैयालाल गुप्ता, साधना पोरवाल, अजय पैराडाइज, राजा भइया, सर्वेश भदौरिया, मोहन पोरवाल, टीटू यादव, नवीन पोरवाल, आशीष दुबे आदि मौजूद रहे।
पुलिस की सांसें काफी देर तक थमीं रहीं
थाना पुलिस की उस समय सांसें थम गईं, जब पुलिस चोरी के कुछ संदिग्धों को पकड़ने के लिए कंजड़ों के डेरा में पहुंची। एक युवक भागकर पास के तालाब में कूद गया और बिना किसी हलचल के काफी देर तक तालाब के अंदर बना रहा। इस दौरान पुलिस ने कोई कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया। परंतु युवक बाहर नहीं निकला। कुछ देर बाद महिलाएं के बुलाने पर युवक बाहर निकल आया। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई।
पिछले माह हुई चोरियों का खुलासा नहीं
व्यापारी नेता अरविंद पोरवाल ने पिछले महीनों हुईं चोरियों का खुलासा न होने पर दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक आदित्य प्रकाश यादव को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि औरैया रोड पर अजय इलेक्ट्रानिक्स पर हुई लाखों के सामान की चोरी, जनवरी 2016 में दयाराम नगर निवासी सत्यप्रकाश गुप्ता के आवास पर 10 लाख की चोरी, इंदिरानगर में फौजी के घर लाखों रुपयों एवं रिवाल्वर की चोरी, कमीशन एजेंट विजय गुप्ता के घर लाखों की चोरी, लालजी पोरवाल के प्रतिष्ठान पर दो बार हुई चोरी, एलआईसी अधिकारी एवं गार्ड से नौ लाख रुपये एवं बंदूक की लूट, मेडिकल स्टोर पर हुई चोरी, पांच अगस्त को कल्लू किराना स्टोर में चोरी, रेलवे क्रासिंग के पास रहीमुद्दीन के लोडर चोरी समेत अन्य कई चोरियों के खुलासे में अभी तक पुलिस ने क्या किया।
दो बार चोरी के बाद बंद की दुकान
थाने दिबियापुर के पास पान एवं जनरल मर्चेंट की दुकान में दो माह के अंतराल में दो बार हुई चोरी के बाद दुकानस्वामी को दुकान ही बंद कर दी। भाजपा नेत्री साधना पोरवाल के पति लालजी पोरवाल की दुकान में 13 मई को चोरी हुई। इसमें एक लाख रुपये से अधिक का सामान चेारी गया। इसके बाद एक जुलाई की रात में 25 हजार की नकदी एवं सामान पार कर दिया। आज दिन तक घटनाओं का खुलासा न होने के कारण उन्होंने अपना प्रतिष्ठान बंद कर दिया है।