रामगढ़ के पास रेवाड़ी से कानपुर जाने वाली पेट्रोलियम पाइप लाइन से तेल चोरी करने वाले गैंग के एक और सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पहले गिरोह के छह सदस्यों को जेल भेजा जा चुका है।
सितंबर में रेवाड़ी कानपुर पेट्रोलियम पाइप लाइन में रामगढ़ में वाल्ब लगाकर चोरों ने लाखों रुपये की कीमत का तेल चोरी किया था। पुलिस अब तक गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है। गुरुवार को गैंग के सदस्य दिलीप सिंह उर्फ पिंटू सिंह पुत्र राजकुमार उर्फ रामकुमार सिंह सेंगर निवासी ग्वारी अछल्दा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसएसआई विनोद कुमार मिश्रा के अनुसार गुरुवार को रेलवे स्टेशन फफूंद के पास से दिलीप को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए सदस्य को मिलाकर अब तक सात को जेल भेजा जा चुका है।
थाना पुलिस के अनुसार अभी शैलू ठाकुर पुत्र प्रताप सिंह निवासी किशनी मैनपुरी, सोनू पुत्र प्रकाश शर्मा निवासी नगला मदारी सौरिख कन्नौज, दलवीर सिंह पुत्र रणवीर सिंह निवासी बलाई रिफाइनरी मथुरा, गुड्डा पुत्र शंकर चौधरी निवासी ग्राम बिजौली पाली मुकीमपुर अलीगढ़ हाल पता मुकेश बघेल पुत्र करन पाल सिंह निवासी गिरिराजनगर मथुरा एवं टैंकर फरार चल रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक दिबियापुर थाना जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।