औरैया। दो पहिया वाहन बुलेट की मांग पूरी न होने नवविवाहिता की उसके ससुरालियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने इसकी जानकारी अयाना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव रानीपुर निवासी राम नरेश पुत्र स्व. गोपीनाथ शुक्ला ने बताया कि उसने अपनी हैसियत के हिसाब से पुत्री रागिनी का विवाह रोशंगपुर निवासी आशीष कुमार पुत्र श्याम चंद्र मिश्रा के साथ 28 अप्रैल 2018 को किया था। शादी के बाद आशीष और उसके परिवारीजन पुत्री रागिनी को आगरा ले गए। बताया कि आशीष और उसके परिवार के लोग आगरा में नौकरी करते हैं। एक माह पहले आशीष ने उससे अतिरिक्त दहेज में बुलेट बाइक की मांग की थी। उसने असमर्थता जताई तो आशीष व उसके परिवारीजों ने रागनी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर रागिनी के पति आशीष, ससुर श्याम चंद्र, सास राकेश कुमारी, देवर विकास, रमाकांत (राकेश के मामा), ननद अल्पना उर्फ चित्रा निवासी पद्मकुंज सिंकदरा आगरा ने मिलकर उसकी पुत्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में ससुरालीजन शव को लेकर रोशंगपुर आ गए। रागिनी की मौत की जानकारी गांव के लोगों व रिश्तेदारों से मिली। जब वह परिवारीजनों के साथ गांव पहुंचा तो पुत्री के शरीर पर पिटाई के कई निशान देखने को मिले।
इनसेट
मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। सुमेंद्र सिंह, थाना प्रभारी अयाना