सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गौशाला रोड पर मंगलवार दोपहर एक मकान की तीसरी मंजिल पर निर्माण के लिए जाल बांध रहे मामा-भांजे दो मिस्त्रियों को बंदरों ने दौड़ा लिया। घबराकर दोनों मिस्त्रियों ने छलांग लगा दी। मामा नीचे गिर गया, जबकि भांजे ने छज्जा पकड़ लिया। घायल मामा को प्राइवेट डाक्टर के पास लाया गया, जहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय उसके दम तोड़ दिया।
मंगलवार दोपहर लगभग 3:30 बजे गौशाला रोड मुख्य बाजार निवासी सूरजमुखी पत्नी श्रीराम के घर की तीसरी मंजिल पर प्लास्टर करने का काम चल रहा था। इसके लिए दो मिस्त्रियों की ओर से वैकल्पिक जाल लगाकर प्लास्टर का काम किया जा रहा था। तभी वहां पहुंचे बंदरोें ने दोनों को दौड़ा लिया। अचानक बंदरों को अपनी ओर आता देख दोनों मिस्त्री मोहल्ला बनारसीदास निवासी शिव कुमार (50) पुत्र स्व.राजाराम व उसका भांजा जीतू (35) पुत्र गोविंद ने चिल्लाते हुए वहीं से नीचे सड़क की तरह छलांग लगा दी।
नीचे गिरते समय जीतू छत का छज्जा पकड़ कर लटक गया, जबकि शिव कुमार नीचे सड़क पर आ गिरा। मौके पर पहुंचे राहगीर और दुकानदारों ने बेहोश शिव कुमार को नर्सिंग होम पहुंचा। वहीं जीतू को भी सुरक्षित नीचे उतारा। सूचना पर शिव कुमार के परिजन नर्सिंग होम पहुंच गए। डाक्टरों ने शिव कुमार को कानपुर रेफर कर दिया। परिजन शिव कुमार को कानपुर ले जा रहे थे, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।