दिबियापुर। सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक के घर में गुरुवार रात घुसे चोरों ने सेफ में रखे लाखों के जेवर व नगदी चोरी कर ली। उसी कमरे में सो रहे पूर्व प्रधानाध्यापक के बेटे और बहू को चोरी की भनक तक नहीं लगी। पीड़ित दंपति का आरोप है कि चोरों ने उन्हें कुछ नशीला पदार्थ सुघा दिया। इसके चलते उन्हें होश नहीं रहा। देर रात लगभग 3:30 बजे युवक की आंख खुली तो चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने चोरी की तहरीर दी है।
जूनियर हाईस्कूल से सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक कृपाशंकर तिवारी दिबियापुर के रामकृष्णनगर वार्ड में अपने बेटे विपिन तिवारी एवं बहू डिंपल तिवारी के साथ रहते हैं। इस समय खेती के काम सेकृपाशंकर अपने गांव शेरपुर मैथा कानपुर देहात गए हैं। गुरुवार रात विपिन तिवारी, उनकी पत्नी डिंपल तिवारी और बच्चे घर पर थे। विपिन के अनुसार वह रात लगभग 11:30 बजे पास में चल रही भागवत के भंडारे से प्रसाद लेकर आए और खा पीकर लगभग 12:30 बजे सो गए।
सुबह लगभग साढ़े तीन बजे उनकी आंख खुली तो समय देखने के लिए पास की अलमारी में रखा मोबाइल टटोला। मोबाइल अलमारी में नहीं था। मोबाइल खोजते हुए वह दूसरे कमरे में गए तो देखा कि मुख्य गेट खुला है और पास में ही सोने चांदी के जेवर का पर्स खाली पड़ा है। इस पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन फानन यूपी-100 पुलिस को उन्होंने सूचना दी। रात में ही यूपी-100 टीम ने चोरों की तलाश शुरू की।
लेकिन चोर पकड़ में नहीं आए। शुक्रवार सुबह दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित से पूछताछ की। पीड़ित ने बताया कि लगभग सात लाख रुपये के जेवर एवं 1 लाख रुपये नगद चोर ले गए हैं। विपिन का कहना है कि वह सेफ के बिल्कुल पास में ही चारपाई बिछाकर सोए थे।
इसके बावजूद चोर अपना काम करते रहे और उन्हें भनक तक नहीं लगी। वह बताते हैं कि जब वह और उनकी पत्नी उठीं तो सिर भारी था। आशंका जताई कि चोरों ने उन्हें कुछ सुंघा कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। घटना की जानकारी होने पर चेयरमैन अरविंद पोरवाल, सभासद अखिलेश कश्यप, सभासद प्रमोद पाल आदि ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के खुलासे की मांग की।
दंपति की चूक बनी चोरी का कारण
रामकृष्ण नगर वार्ड में हुई चोरी का बड़ा कारण दंपति की चूक भी माना जा रहा है। दंपति के अनुसार वह भंडारा लाने के बाद घर के मुख्य द्वार पर अंदर से ताला लगाना भूल गए। मुख्य गेट की खांचों से चोरों ने कुंडा खिसकाकर अंदर घुस आए। इसके बाद सेफ के पास की ही अलमारी में सेफ की चाभी भी रखी थी। वह चाभी लेकर चोरों ने सारा सामान समेट लिया। मुख्य द्वार पर अंदर से ताला न लगा होना एवं सेफ की चाभी पास की ही अलमारी में रखा होना चोरों ने लिए चोरी करना आसान कर गया।
एक दिन पहले ही बर्तन व्यापारी के घर चोरी का खुलासा और फिर चुनौती दे गए चोर
पिछले दिनों बेला रोड पर हुई लाखों की चोरी का खुलासा करके अभी पुलिस फुरसत हुई ही थी कि एक बार फिर से चोरों ने पुलिस को चुनौती दे डाली। कुछ दिन पहले बेला रोड पर बर्तन व्यापारी ब्रजमोहन गुप्ता के सूने घर में लाखों की चोरी हो गई थी। गुरुवार को ही दो चोरों को पकड़कर पुलिस ने घटना का खुलासा किया था। गुरुवार रात में ही चोरी करके चोरों ने एक बार फिर से पुलिस को चुनौती दे डाली है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।