पाता (औरैया)। पाता क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मामले को दबाने के लिए विवाहिता के ससुरालियों ने कुछ लोगों के साथ मिलकर शव को जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने घटना की रात जली विवाहिता के कुछ अवशेष बरामद कर लिए। मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद ससुरालीजन फरार हो गए हैं।
पाता क्षेत्र के गांव कमलपुर (नगला बंजारा) में सोमवार देर शाम 28 वर्षीय रिंकी पत्नी शिशुपाल सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के ससुरालियों ने घटना की सूचना मायके वालों को नहीं दी। ससुरालियों ने पड़ोसी गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर मृतका के शव को घटना की रात में ही गांव से दूर जंगल में बम्बिया के किनारे जला दिया। इस बीच पुलिस के आने की भनक लगते ही ससुरालीजन वहां से भाग निकले। फफूंद इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और पाता चौकी इंचार्ज अमित राठौर पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक शव पूरा जल चुका था। पुलिस को वहां मृतका के कुछ अवशेष मिले। जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इधर गांव के किसी व्यक्ति ने फोन से मृतका के मायके ग्राम सुगंध नगर थाना जसवंत नगर (इटावा) सूचना दी। मृतका के पिता और भाई समेत कई रिश्तेदार मंगलवार को सुबह थाने जा पहुंचे। मृतका के भाई श्रीपति पुत्र साहब सिंह ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन रिंकी की शादी 17 जुलाई 2017 को हुई थी। पति शिशुपाल व जेठ सत्यपाल और सुल्तान पुत्र स्व. कमल सिंह, जेठानी अंगूरी देवी पत्नी सुल्तान व सास चंद्रावती रिंकी का आए दिन उत्पीड़न करते थे। जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। जिसकी कोई सूचना परिजनों को नहीं दी गई। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
युवती की दूसरी शादी की गई थी
पाता (औरैया)। मृतका रिंकी की यह दूसरी शादी हुई थी। उसके छोटे भाई मुकेश ने बताया कि इससे पूर्व रिंकी की शादी 2010 में थाना बसरेहर (इटावा) के गांव कृपालपुर निवासी प्रेम सिंह के पुत्र तेजपाल से हुई थी। उनसे एक पुत्र व दो पुत्रियां भी हैं। बीमारी के चलते उसके बहनोई की तीन साल पहले मौत हो जाने से रिंकी का दूसरा विवाह कर दिया गया। पूर्व पति से हुए बच्चों में छोटी दो साल की पुत्री मृतका के साथ ही रहती थी। आठ दिन पूर्व भी वह कमलपुर अपनी बहन के पास आया था और कुशलता जानकर चला गया था।
--------------------------------
शव जलाने की सूचना पर रात भर दौड़ी पुलिस
पाता (औरैया)। विवाहिता की मौत के बाद शव को जलाये जाने की सूचना पर पाता चौकी इंचार्ज अमित राठौर फोर्स के साथ गांव पहुंचे और जानकारी की तो किसी ने कुछ नहीं बताया। रात 11 बजे फिर शव जलाए जाने की सूचना पुलिस को फिर दी गई, जिस पर पुलिस गांव में जा पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने फिर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस लौटने लगी तो रास्ते मे एक जगह जलने की गंध आने पर पुलिस ने खोजबीन की और गंध के सहारे घटनास्थल पर पहुंची।