बिखरा सामान दिखाती गृहस्वामिनी।
- फोटो : अमर उजाला
पुराना बिधूना में सोमवार की रात चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया। चोर घर के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। इन्होंने कमरे में रखी सेफ को तोड़ दिया। सेफ में रखे 23 हजार रुपये नगद व जेवर चोरी कर लिए। सुबह पड़ोसियों ने गेट का ताला टूटा देखा तो गृहस्वामी को सूचना दी। चोरी सेे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
मोहल्ला पुराना बिधूना निवासी विनय शाक्य पुत्र सुरेशचंद्र सोमवार को अपने परिवार सहित छिबरामऊ में एक शादी समारोह में गए हुए थे। घर में ताला लगा था। चोरों ने रात में मेन गेट का ताला तोड़ दिया। सेफ का ताला तोड़कर 23 हजार रुपये नगद व करीब तीन लाख रुपये के जेवर चुरा लिए।
सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा। उन्होंने विनय को फोन पर सूचना दी। इसके बाद विनय परिवार सहित छिबरामऊ से लौटे। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। नगदी व जेवर गायब थे। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित ने चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा कर चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।