दस माह पूर्व ग्राम जोरन का पुर्वा में किशोरी से गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में तीन आरोपियों के घरों पर पुलिस ने कुर्की नोटिस चस्पा किए। घटना की जांच कन्नौज क्राइम ब्रांच कर रही है।
विज्ञापन
क्राइम ब्रांच कन्नौज के एसएसआई प्रेमचंद्र कुरील ने ग्राम जोरन का पुर्वा में निशा पुत्र अजब सिंह, रिंकू पुत्र संतराम, अनिल कुमार पुत्र लाल सिंह के घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए। प्रेमचंद्र कुरील के अनुसार यदि आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं होते तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। यहां बता दें कि 22 अगस्त 2015 की रात 14 वर्षीय छात्रा शौच जाने की बात कहकर घर से चली गई। काफी देर तक वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन की।
गांव के बाहर एक पेड़ पर छात्रा की लाश उसी के दुपट्टे पर लटकती मिली थी। मृतका के चाचा ने गांव के निशा पुत्र अजब सिंह, रिंकू पुत्र संतराम, अनिल कुमार पुत्र लाल सिंह, और ग्राम असेनी के पवन कुमार पुत्र अरविंद के खिलाफ सामूहिक बलात्कार कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों की अर्जी पर मामले की जांच कन्नौज क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी। आरोपी लगातार फरार चल रहे हैं। क्राइम ब्रांच के एसएसआई प्रेमचंद्र कुरील ने बताया कि अभी फोरेंसिक लैब से जांच रिपोर्ट नहीं आई है।