थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर के निकट रिंद नदी में औरैया की सहार सीएचसी में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव पाया गया। ग्रामीणों ने उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शुक्रवार सुबह रतनपुर गांव के निकट कुछ ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में पड़े शव पर पड़ी तो भीड़ लग गई। पुलिस को जानकारी दी। थानाध्यक्ष पीके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। कई दिनों तक पानी में पड़े रहने के कारण शव बुरी तरह सड़ चुका था। गले व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान भी पाए गए। तलाशी के दौरान मृतक के पास से एक डायरी मिली, जिसमें मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस ने फोन पर घटना की जानकारी परिजनों को दी। मौके पर आए मृतक के बड़े पुत्र अजय ने शव की शिनाख्त अपने पिता चंद्र प्रकाश (55) निवासी सरैंया पुलिस लाइंस इटावा के रूप में की।
अजय ने बताया कि उसके पिता चंद्रप्रकाश सीएचसी सहार जनपद औरैया में कार्यरत थे। मंगलवार को वह घर से सीएमओ आफिस जाने की बात कहकर निकले थे, इसके बाद वापस घर नहीं लौटे। तब से लगातार उनकी तलाश चल रही थी। घटना की खबर पहुंचते ही चंद्रप्रकाश की पत्नी कुसुमा, पुत्र मनीष, दीपक व बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थानाध्यक्ष पीके सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मृतक के पुत्र ने फौरी सूचना दी है, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।