कोतवाली क्षेत्र के गांव टढ़वा विकू में हुए बवाल के बाद सपा पूर्व ब्लाक प्रमुख पति ने अपने साथियों के साथ कोतवाली में तोड़फोड़ कर दी। कोतवाली में रखे कंप्यूटर, कुर्सियां और कागजात को क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में कोतवाली पुलिस ने 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर 10 लोगों को हवालात में डाल दिया। गिरफ्तार लोगों में पूर्व ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र सिंह यादव भी शामिल है।
घटनाक्रम में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव टढ़वा विकू में रविवार देर रात हैंडपंप से पानी भरने को लेकर कमल यादव उर्फ सोनू यादव से विवाद हो गया था। मामले में देर रात सोनू यादव ने अपने रिश्तेदार पूर्व ब्लाक प्रमुख पति देंवेद्र यादव व टिल्लू यादव निवासी सुरायदा को बुला लिया। मारपीट के मामले में अटसू पुलिस ने दोनो पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को मेडिकल के लिए भेजा था।
इधर कोतवाली में देर रात पुलिस दोनो पक्षों से पूछताछ कर रही थी। तभी सत्ता का रौब दिखाते हुए पूर्व ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र यादव अपने साथियों के साथ कोतवाली में पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। आफिस में रखी कुर्सियां, कंप्यूटर व गमले तोड़-फोड़ डाले, कई सरकारी अभिलेख फाड़ डाले। उपद्रव की सूचना पर तीन थानों का फोर्स बुला लिया गया।
मौके पर मौजूद सीओ जीडी मिश्रा और कोतवाली प्रभारी डीपी सिंह ने पुलिस की मदद से देवेंद्र यादव निवासी सुरायंदा, आदित्य राजपूत निवासी खुशालपुर, सुभाष चंद्र निवासी वारेपुर, कमल यादव उर्फ सोनू निवासी टढ़वा विकू, अभिजीत सिंह, गुलाब सिंह, सुनील कुमार, शिवकुमार, अरूण कुमार, श्याम मनोहर निवासीगण टढ़वा विकू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कमल सिंह के पास से एक तमंचा बरामद किया। देर रात मौके पर पहुंचे एसपी सत्यार्थ अनिरूद्घ पंकज ने कोतवाली में हमला करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इनमें देवेंद्र यादव समेत दस लोगों को जेल भेज दिया।
पूर्व ब्लाक प्रमुख पति को भेजा कोतवाली
अजीतमल कोतवाली में पूर्व ब्लाक प्रमुख पति समेत अन्य सपाइयों की ओर से की गई तोड़फोड़ में पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख पति समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तीन मुख्य आरोपियों को औरैया सदर कोतवाली भेज दिया। जिससे स्थिति बिगड़ न सके। एसपी के निर्देश पर यहां देर शाम तक पीएसी बल के साथ अन्य थानों का पुलिस फोर्स मौजूद रहा। कोतवाली में एएसपी ने आरोपी पूर्व ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र के अलावा अन्य आरोपियों के पूछताछ की। सोमवार सुबह ही एसपी ने सदर कोतवाली में पीएसी बल तैनात कर दिया।
चलता रहा सिफारिशों का दौर
पूर्व ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र यादव के सदर कोतवाली में होने की सूचना जैसे ही सत्ता पक्ष के नेताओं को लगी तो उन्होंने आईजी से लेकर एसपी तक सिफारिश की। लेकिन पुलिस ने अपनी कार्रवाई जारी रखी। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो रविवार देर रात जब अजीतमल कोतवाली में सपाई उत्पात मचा रहे थे उस दौरान फायरिंग भी की गई थी।