बीती रात ककोर-फफूंद मार्ग पर माखनपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने होटल मालिक को तमंचा लगाकर बाइक, मोबाइल और नगदी लूट ली। गांव पहुंचकर उसने 100 नम्बर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नही चढ़े।
माखनपुर निवासी विशंभर सिंह कंचौसी मोड़ के पास ऊं साईं ढाबा चलाते हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे वह ढाबा बंद करके पैशन प्रो बाइक से गांव जा रहे थे। माखनपुर गांव के पास ही बाइक सवार चार बदमाशों ने उनको तमंचा लगा दिया। बदमाशों ने विशंभर की बाइक, मोबाइल और पांच हजार नगद लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद विशंभर भागते हुए गांव पहुंचे। उन्होंने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। सीमा क्षेत्र दिबियापुर और फफूंद थाने का होने के कारण दोनों थाने के फोर्स ने घेराबंदी की। लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नही चढ़ सके। पीड़ित की तहरीर पर फफूंद पुलिस ने चार बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कराया है।
16 से 18 साल के बीच के थे बदमाश
लूट का शिकार हुए विशंभर सिंह ने बताया कि लूट करने वाले बदमाश 16 से 18 साल के ही बीच के थे। उसने बताया कि सभी कपड़े से चेहरा बांधे थे। आवाज से साफ लग रहा था कि यह लोग ज्यादा उम्र के नही हैं। चारों एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे।