नगर के भगत सिंह चौराहे पर आयोग की ओर से नियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट सुमित पटेल ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान सपा, भाजपा व बसपा की गाड़ियाें में बिना अनुमति के ले जाई जा रही प्रचार सामग्री मिली। इन्हें सीज कर दिया गया। तीनों दलों के उम्मीदवारों के खिलाफ आचार संहिता उलंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट सुमित पटेल ने टीम के साथ भगत सिंह चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब आधा सैकड़ा वाहनों की सघन चेकिंग की गई। एक गाड़ी को रोकने पर उसमें बसपा प्रत्याशी की चुनाव प्रचार सामग्री मिली। चालक प्रचार सामग्री और वाहन की अनुमति पत्र नहीं दिखा सका। इसके बाद सपा व भाजपा की प्रचार सामग्री अलग-अलग गाड़ियों में मिली। इनमें भी बिना अनुमति के प्रचार सामग्री ढोई जा रही थी।
सुमित पटेल ने भाजपा का प्रचार वाहन लोडर यूपी77 एन3868, बसपा प्रत्याशी की प्रचार सामग्री लेकर जा रही बोलेरो यूपी 79एफ 9390 तथा सपा की प्रचार सामग्री ले जा रही बोलेरो यूपी75के4250को सीज कर दिया। सुमित पटेल ने प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता उलंघन की तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने तीनों प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता उलंघन की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।