बिधूना पुलिस ने मंगलवार को एक झोपड़ी में चल रही असलहा फैक्ट्री पकड़ी है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक साथी भाग गया। एक मोटरसाइकिल, पांच तमंचे, एक किलो विस्फोटक पदार्थ और बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। एसपी ने पुलिस टीम को तीन हजार रुपये पुरस्कार देने का ऐलान किया।
बिधूना क्षेत्राधिकारी अखिलेश राजन व प्रभारी निरीक्षक गुरुचरन सिंह ने बिधूना-दिबियापुर मार्ग पर रामा ईंट भट्ठे के पास एक झोपड़ी से में असलहे बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। वहां से थाना बिधूना के रावतपुर गांव निवासी सगे भाई शाहिद (32 वर्ष), जाहिद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि गोगा पुत्र कामिल बख्श भाग गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल, पांच तमंचे, चार कारतूस, छह खोखा, एक किलो विस्फोटक पदार्थ, तमंचे बनाने के कल पुर्जे, 13 नाल, पांच हथोड़े, 32 तमंचा वाली पत्ती, डाई, आदि सामान बरामद किया है।
एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि शाहिद 2001 में अपने पिता कामिल बख्श व चाचा के साथ असलहे की फैक्ट्री के मामले में पकड़ा जा चुका है। तीनों सगे भाई फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। यह लोग असलहों की सप्लाई औरैया के अलावा कानपुर देहात, कन्नौज, इटावा एवं इटावा से सटे मध्यप्रदेश के भिंड में करते हैं।
शाहिद है गिरोह का मास्टरमांइड
एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि असलहे बनाने में गोगा व जाहिद माहिर हैं। असलहों को सप्लाई करने का काम शाहिद करता है। शाहिद ही असलाह फैक्ट्री का पूरा कारोबार देखता है।
गोगा कुछ माह पहले भी हुआ था गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि कुुछ माह पहले गोगा 21 तमंचों के साथ गिरफ्तार हुआ था। नगर निकाय के चुनाव को देखते हुए बड़े पैमाने पर असलहे बना रहे थे। गोगा मौके से फरार हो गया है। पुलिस गोगा की तलाश में दबिश दे रही है।