सदर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर स्थित गायत्री नगर में एक बंद घर के मेन गेट की कुंडी चोरों ने काट दी। चोर घर से नगदी व लाखों की कीमत का सामान चुरा ले गए। वारदात से पहले चोरों ने आसपास के मकानों की बाहर से कुंडियां बंद कर दी थीं।
सुबह पड़ोसी ने दरवाजा खुला देखकर झांका तो अंदर सामान बिखरा पड़ा दिखाई दिया। इस पर पड़ोसी ने गृहस्वामी को फोन पर चोरी की सूचना दी। जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच की।
गायत्री नगर मोहल्ला निवासी लायन ग्रुप ऑफ निषाद के फील्ड आफीसर पवन निषाद के घर के मेन गेट की कुं डी बुधवार की रात चोरों ने काट दी। यह घर के अंदर रखी नगदी सहित लाखों रुपये के जेवर व अन्य सामान चुरा ले गए।
चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले रात ही में आसपास के घरों की बाहर से कुंडी लगा दी थी। इससे कि आहट मिलने पर कोई बाहर न निकल सके। चोरों ने घर के अंदर सेफ का लॉकर तोड़कर नगदी, जेवर व कीमती कपड़े चुरा लिए। दूसरे कमरे में लकड़ी की अलमारी को तोड़कर कीमती सामान पार कर दिया। सुबह पड़ोसी सोकर उठे तो बाहर से कुंडी बंद होने पर परेशान हो गए।
यह कुंडी खुलवाने के लिए किसी को आवाज देने छत पर पहुंचे। इन्हें सामने वाले घर का दरवाजा खुला दिखाई दिया। इन्होंने गली से निकल रहे राहगीर से अपने घर की कुंडी खुलवाई। इसके बाद दूसरे पड़ोसी के घर के बाहर की कुंडी खोलकर जानकारी दी। पड़ोसी अवधेश ने बताया कि पवन निषाद ने जाने से पहले घर की चाबी देकर सोने के लिए कहा था।
सुबह वह सोकर उठे तो मोहल्ले के लोगों ने चोरी की जानकारी दी। घर के अंदर दोनों कमरों में सामान बिखरा था। सेफ, अलमारी व बक्से खुले पड़े थे। घर की किचन में रखे चार सिलेंडर गायब थे।
उन्होंने बताया कि चोरों ने घर से कई लाख रुपये का सामान पार कर दिया। गृहस्वामी 24 अप्रैल को परिवार सहित दिल्ली किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घटना के बारे में गृहस्वामी पवन निषाद को जानकारी दे दी गई है। वह दिल्ली से औरैया आने के लिए निकल चुके हैं। उनके आने के बाद ही नुकसान की सही जानकारी हो सकेगी। वहीं सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस गृहस्वामी के आने का इंतजार कर रही है।