बुधवार की देर रात बोलेरो सवार बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर चीनी भरे ट्रक को लूट लिया। बदमाश चालक व परिचालक को सैफई के पास नदी किनारे घायलावस्था में फेंककर भाग गए। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। सीओ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार की दोपहर घायलावस्था में ऐरवाकटरा थाने पहुंचे ट्रक चालक शैलेंद्र सिंह चौहान पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी नगला भगत मैनपुरी और हेल्पर जगवीर पुत्र गुरुदयाल जरौली थाना बिछवां मैनपुरी ने बताया कि बुधवार को बरेली फरीदपुर से ट्रक में चीनी लादकर औरैया जा रहे थे। रात लगभग 11 बजे ऐरवाकटरा क्षेत्र में आने वाले ग्राम गुलालपुर के पास पहुंचे थे। बोलेरो सवार पांच बदमाशों में असलहे दिखाते हुए ट्रक रुकवाया। मारपीट करते हुए बंधक बना लिया।
बदमाश ट्रक पर कब्जा कर उसे ले गए। बदमाश चालक व परिचालक को बोलेरो मेें डालकर सैफई के पास नदी किनारे फेंककर गए। इसकी जानकारी यूपी 100 नंबर पर दी। इसके बाद थाने पहुंचे। सीओ बिधूना सुभाष अत्री और थानाध्यक्ष शिव कुमार ने बताया कि मामले की जांच एसओजी टीम कर रही है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच में मामला सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।