मोबाइल रिचार्ज के पैसे के लेन-देन के मामले में शुक्रवार को अटसू में हुए बवाल के बाद भगदड़ मच गई। घटना के बाद दुकानदार शटर गिराकर मौके से भाग निकले। थोड़ी ही देर में पूरा बाजार में सन्नाटा छा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र में तनाव देखकर कई थानों का फोर्स बुला। देरशाम तक कस्बे में पीएसी तैनात रही।
सुबह से शुरू हो गये बबाल को देखते हुए अभिभावकों ने नौनिहालों को स्कूल पढ़ने नही भेजा। इसके चलते सभी स्कूलों में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस ने भी जांच के बाद बवाल करने के आरोप में पांच लोगों को नामजद किया। वहीं करीब एक सैकड़ा अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस को घटना की तहरीर शिवेन्द्र त्रिपाठी पुत्र राधाकृष्ण निवासी श्रीनगर अटसू ने दी है। तहरीर में सत्येंद्र राजपूत पुत्र शिवपाल राजपूत, दीपू राजपूत पुत्र कीरत सिंह, सूरज सिंह पुत्र दीनदयाल, निवासीगण चावरपुर अटसू, मंजुल राजपूत पुत्र प्रदीप कुमार निवासी अम्बेडकर नगर अटसू, ओमजी राजपूत पुत्र प्रभात राजपूत निवासी तेज का पुर्वा अटसू सहित एक सैकड़ा लोगों के खिलाफ घर में घुसकर बवाल करने की दर्ज कराई है।
उधर बबाल के बाद कस्बा छावनी में तब्दील हो गया। मौके पर एसडीएम अमित राठौर, कोतवाली अजीतमल प्रभारी संजय मिश्रा, फफूंद एसओ डीपी सिंह, अयाना से मो. रहीस, औरैया कोतवाली से रतन सिंह यादव, महिला थाना प्रभारी सुधा सिंह के अलावा एक प्लाटून पीएसी ने अटसू मे डेरा डाल लिया है।
प्रधानाचार्य पर हमले का विरोध जताया
अटसू में बबाल के बाद प्रधानाचार्य पर कातिलाना हमले पर प्रधानाचार्य परिषद और शिक्षक संघ में आक्रोश व्याप्त है। दोनो संगठनों ने बैठक करके जिला प्रशासन से प्रधानाचार्य पर हमला करने के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रधानाचार्य परिषद की बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेश अग्निहोत्री व प्रांतीय संयुक्त मंत्री डा.आंजनेय सहाय अवस्थी ने कहा कि प्रधानाचार्य पर कातिलाना हमला करना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि उपद्रव कर रह लोगों ने जानबूझ कर प्रधानाचार्य को अपना निशाना बनाया। प्रधानाचार्यों ने एसपी से मांग की है कि हमला करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर प्रांतीय महामंत्री कुलदीप दुबे, मनोज शुक्ला, डा. अरविंद कुमार शुक्ला, रामऔतार ओझा, उमाकांत दीक्षित, कुदरत उल्ला खां आदि मौजूद रहे। इधर माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक में शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सतेंद्र राठौर व जिला मंत्री सुनील मिश्रा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस मौके पर डा. अजय सिंह, अमरेंद्र तिवारी, राजेश शुक्ला, अजय मिश्रा आदि शिक्षक मौजूद रहे।