औरैया। शहर में इटावा रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से साथी के साथ साइकिल से जा रहे एक छात्र को बाइक सवार तीन लोगों ने रास्ते से अगुवा कर लिया। तभी फफूंद तिराहे पर छात्र के चिल्लाने पर लोगों ने बाइक सवारों को खदेड़ा। जिस पर बाइक सवार छात्र को छोड़कर उसका मोबाइल लेकर भाग गए। छात्र के पिता ने कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साथ ही बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी लाखन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र शिवा शाम को अपने दोस्त के साथ साइकिल से ट्यूशन पढ़कर देर शाम घर लौट रहा था। जैसे ही वह इटावा रोड स्थित तकिया चौराहे पर पहुंचा ही था कि तभी पीछे से वहां पहुंचे बाइक सवार तीन युवकों ने उनके पुत्र को पकड़ कर गालीगलौज करते हुए अपनी बाइक पर जबरन बिठा लिया। इससे पहले कि उसका पुत्र कुछ समझ पाता, बाइक सवार उसे लेकर फफूंद तिराहे की तरफ भाग गए। जैसे ही बाइक सवार फफूंद तिराहे पर पहुंचे शिवा ने शोर मचा दिया।
शोरगुल सुनकर आसपास मौजूद लोग बाइक सवारों की तरफ दौड़ पड़े। इस पर बाइक सवार छात्र को छोड़कर उसका मोबाइल लेकर भाग गए। पीड़ित छात्र ने बताया कि उक्त बाइक सवार तीनों नशे की हालत में थे। उक्त लोगों ने उसकी जमकर मारपीट की। बताया कि वह किसी को भी नहीं जानता है। उधर पिता की तहरीर पर पुलिस बाइक सवार युवकों की तलाश में जुट गई है।
- बाइक सवार छात्र का मोबाइल ले गए, छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो