कोंच। नगर के मुख्य बाजार में खरीदारी कर रहे एक ग्रामीण के साथ 60 हजार की टप्पेबाजी हो गई। उसने कुछ देर पहले ही रुपये अपने बैंक खाते से निकाले थे। दिनदहाड़े हुई टप्पेबाजी से बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो उसमें एक बच्ची झोला ले जाते दिखी। पुलिस बच्ची की तलाश कर रही है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमिरिया निवासी गोविंद पुत्र गोधन निरंजन शुक्रवार को कोंच आया था। यहां उसने नगर की सेंट्रल बैंक की शाखा में अपने खाते से 60 हजार रुपये निकाले और झोले में डाल लिए। इसके बाद वह बैंक से निकलकर बाजार खरीदारी करने चला गया।
शाम करीब पांच बजे वह नगर के बर्तन बाजार में बर्तन खरीद रहा था इसी बीच अचानक उसका झोला किसी ने पार कर दिया। बर्तन खरीदारी करने के बाद जब दुकानदार को रुपये देने के लिए उसका ध्यान झोले की तरफ गया तो उसे वहां से नदारत पाकर उसके होश उड़ गए।
वह बाजार में चीखने चिल्लाने लगा। यह देखकर वहां भीड़ एकत्र हो गई। दिनदहाड़े बाजार में टप्पेबाजी की घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने उस सड़क की एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो उसमें एक छोटी बच्ची वह झोला ले जाती दिखी। पुलिस ने उस बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।
कोंच के मुख्य बाजार में हुई वारदात
सीसीटीवी फुटेज में एक बच्ची झोला ले जाते दिखी
अमर उजाला ब्यूरो