उरई। संदिग्ध हालात में हुई युवक की मौत की गुत्थी सुलझाने में लगी कालपी पुलिस के हाथ सेक्स रैकेट लग गया। पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पकड़ी गई महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि मृतक युवक उनके पास आया था और यहीं से जाने के बाद उसकी मौत हो गई है। गिरफ्तार महिलाओं को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में सेक्स रैकेट का खुलासा करते हुए एएसपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि कालपी के टरनरगंज में 19 अगस्त को उरई के एक युवक शीलू का शव कालपी के चौधरी मार्केट के सामने मिला था। उसके बाद उसके फोन पर लड़की के नंबर से काल आई थी। एसपी अरविंद चतुर्वेदी ने इसकी जांच एएसपी को सौंपी थी। एएसपी व सीओ कालपी सुबोध कुमार गौतम, कोतवाली कालपी सुधाकर मिश्रा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक मोहल्ले में नगर पालिका के पीछे रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे छापा मारा और देह व्यापार में लिप्त चार महिलाओं को गिरफ्तार किया।
पुलिस की पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि जीवकोपार्जन का साधन न होने से वह देह व्यापार करती हैं। ग्राहकों की मांग पर महिलाएं व लड़कियां बाहर से बुलाती थीं। पूछताछ में स्वीकार किया कि मृतक शीलू भी उनके संपर्क में था। उसके फोन से कहने पर उसके लिए बाहर से कालगर्ल बुलाई थी। वह आया था और हालत बिगड़ने पर वह यहां से चला भी गया था।
इसके बाद उसकी मौत कैसे हुई उसे कुछ नहीं पता। रैकेट में एक साठ वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल है। एएसपी ने बताया कि उक्त महिला ही लड़कियों को लाने और ले जाने का काम करती थी। बताया कि रैकेट में कुछ युवकों का भी हाथ है, जिनके मोबाइल नंबर मिले हैं। जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। पुलिस टीम में सीओ कालपी, कोतवाल कालपी, उपनिरीक्षक विजय कुमार द्विवेदी, मनोज कुमार, सर्वेश कुमार, सिपाही प्रवीण कुमार, रामलखन, कौशल चौधरी व महिला सिपाही नेहा देवी और संगीता थीं।