अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गौहानी खुर्द में उधार लिए रुपये मांगने पर दबंग युवकों ने वृद्धा और उसके नातियों को लाठी-डंडों से पीट कर घायल कर दिया। इन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध शकुंतला को सैफई रेफर कर दिया गया। सैफई में इलाज के दौरान इनकी मौत हो गई।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गौहानी खुर्द निवासी शिवम दीक्षित पुत्र अरविंद कुमार ने बताया कि गांव के अवनीश राजपूत पुत्र ध्रुव सिंह ने पच्चीस हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये मांगने पर अवनीश आनाकानी करने लगा। मंगलवार को वह अपने घर पर था। तभी अवनीश राजपूत, अनुज राजपूत और उसके परिजनों ने लाठी-डंडों से हमलाकर घायल कर दिया।
हमले में शिवम दीक्षित (25 ), अभिषेक दीक्षित (20) पुत्रगण अरविंद कुमार और इनकी दादी शकुंतला ( 70 ) घायल हो गईं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया। यहां से शकुंतला को सैफई रेफर कर दिया गया। यहां शकुंतला की मौत हो गई। बलिराज शाही ने बताया कि उधारी को लेकर विवाद में मारपीट हुई है। शिवम दीक्षित की तहरीर पर अवनीश व अनुज पुत्रगण ध्रुव तथा प्रहलाद, जयपाल, संटू पुत्रगण माता प्रसाद निवासी गौहानी खुर्द के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांचकर कार्रवाई की जा रही है।
उधार दिए रुपये मांगने पर हमला, वृद्धा की मौत
पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज