उरई। करसान गांव में एक व्यक्ति मामा बनकर घर में घुसा और दो बच्चियों को टॉफी के लिए पैसे देकर बाहर भेज दिया और सोने चांदी के जेवरात समेत नगदी पर हाथ साफ कर गया। शाम को परिजनों के घर पहुंचने पर टप्पेबाजी का पता चला। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करसान निवासी विजय नारायण पुत्र परशुराम पाल बुधवार की सुबह पत्नी के साथ खेत पर फसल की कटाई करने गया था। घर में उसकी दो बेटियां नंदनी (8) व दीपिका (6) अकेली थी। इसी बीच एक युवक घर जा पहुंचा और उसने बच्चियों से खुद को उनका मामा बताया और उन्हें रुपये देकर दुकान से टॉफी लाने को कहा।
रुपये लेकर वह दोनों दुकान चली गई। इसी दौरान उसने कमरे में जाकर वहां रखे वक्से से जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर रफूचक्कर हो गया। शाम को जब विजय पत्नी के साथ घर पहुंचा तो कमरे में सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए।
उन्होंने बेटियों को इसके बारे में पूछा तो उन्होंने मामा आने की बात बताई। यह सुनकर उनके होश उड़ गए। विजय ने बताया कि टप्पेबाज बक्से में रखे 20 हजार रुपये नगदी, दो जोड़ी पायल, कमरबंद, ब्रजबाला, झुमकी, जंजीर, मंगलसूत्र, अंगूठी व हार ले गया है। गुरुवार की सुबह विजय ने कोतवाली पहुंचकर घर में हुई चोरी की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के करसान गांव में हुई वारदात
घर में अकेली थीं दो मासूम बच्चियां
अमर उजाला ब्यूरो