अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। शादी के एक माह बाद दहेज में पचास हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर चलती कार से बाहर फेंक दिया। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति सहित ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के कखावतू गांव निवासी सुखरानी पुत्री रामकिशोर ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक उसकी शादी इटावा के भरथना थाना क्षेत्र के कुढ़िया साम्हों निवासी अवनीश पुत्र पातीराम के साथ 10 मई को हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ही ससुरालीजन दहेज में 50 हजार रुपये की डिमांड करने लगे।
असमर्थता जाहिर करने पर गाली गलौज व मारपीट करने लगे। सोमवार रात ससुरालीजन देवकली मंदिर के दर्शन कराने कार से ले जा रहे थे, तभी सुनसान इलाके में चलती कार से बाहर फेंक दिया।
कार से फेंके जाने पर विवाहिता के गंभीर चोटें आई हैं। जैसे तैसे पीड़िता मायके पहुंची और आपबीती बताई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति अवनीश, ससुर पातीराम, सास शारदा, देवर पंकज, पिंकी ननद व ननदोई पुष्पेंद्र व ननद प्रीती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- दहेज में पचास हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर की वारदात
- पीड़िता की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज