ककोर (औरैया)। फफूंद थाना क्षेत्र के ग्राम पाता निवासी अपेक्षा शर्मा पत्नी रवि शर्मा पुत्री अवधेश कुमार शर्मा ने ककोर मुख्यालय पहुंचकर एएसपी कमलेश दीक्षित को शिकायती पत्र दिया। बताया कि उसकी शादी रवि वर्मा पुत्र राजेंद्र शर्मा निवासी अकबरपुर (कानपुर देहात) से 2018 में हुई थी। ससुरालीजनों द्वारा शादी के बाद से ही एक लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाया जाने लगा। जब मना किया तो उत्पीड़न करना शुरू कर दिया।
मारपीट से परेशान होकर वह मायके आ गई, जहां 25 अप्रैल को उसके पति व अन्य ससुरालीजन आए और अपने साथ लाए कागजों को तलाक पेपर बताते हुए हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने लगे। जब उसने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया तो उन लोगों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। बताया कि जब उसके माता-पिता बचाने आए तो ससुरालीजनों ने उन्हें भी धक्का दे दिया। पीड़ित ने एएसपी से मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है।