औरैया। एक युवक ने शुक्रवार को पंखे से अंगोछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मोहल्ला ब्रह्मनगर निवासी अमित उर्फ टिंचू पांडेय (32) पुत्र कैलाश नरायन पांडेय ने शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे अपने घर के कमरे में अंदर से कुंडी बंद कर ली। इसके बाद उसने अंगोछे से फंदा लगाकर छत पर लगे पंखे से लटककर फांसी लगा ली। जब काफी देर तक युवक कमरे से बाहर नहीं निकला तो घर वालों ने खिड़की से झांककर अंदर देखा। इस पर उनकी चीख निकल गई। युवक फंदे से लटका था। घर में रोनापीटना मच गया।
परिजनों की सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस व कोतवाली पुलिस ने कुंडी तोड़कर शव को नीचे उतारा। पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को मोहल्ले के लोगों ने बताया कि युवक स्मैक का आदी था। यह भी बताया गया कि युवक की पत्नी शिक्षामित्र है और युवक की आदत से परेशान होकर कई साल पहले छोड़कर चली गई थी।
-अंगोछे का फंदा बनाकर लगा ली फांसी
अमर उजाला ब्यूरो