अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र में इन दिनों जेनरेटर से डायनोमा चुराने वाले सक्रिय हैं। बढ़ती हुई वारदातों से जेनरेटर का उपयोग करने वाले लोग रात में जागकर रखवाली कर रहे हैं। शनिवार की रात चोरों ने पुराने मुगल रोड पर एक वेल्ंिडग की दुकान से डायनोमा और वेल्डिंग का केबल चुरा लिया। डायनोमा चोरी की कोई भी रिपेार्ट दर्ज नहीं की गई है।
इसके पूर्व चार दिसंबर को चोरों ने अजीतमल कस्बे के आजादनगर निवासी प्रदीप मिश्रा की इटावा रोड पर दुकान के पड़ोस में एक बाड़े में रखा जेनरेटर पार कर दिया। घटना की तहरीर उन्होंने कोतवाली में दी थी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। छह दिसंबर को चपटा निवासी राजीव उर्फ टिल्लू की दुकान से चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर डायनोमा और दस किलो कॉपर का तार तथा दो सबमर्सिबल पंप पार कर दिए। 12 दिसंबर को बाबरपुर के मोहल्ला विद्यानगर निवासी दिनेश शर्मा की दुकान से डायनोमा और वेल्डिंग मशीन चोरी हो गई। 17 दिसंबर को यहीं के इस्लामनगर निवासी कल्लू खां की दुकान से चोर डायनोमा और कॉपर खोल ले गए। 18 दिसंबर को गिरधारीपुर निवासी दिनेश राजपूत की दुकान से भी चोरों ने डायनोमा, तांबा और उसमें रखी साइकिल पार कर दी।
इसी तरह 27 दिसंबर को राजीव नगर निवासी अनवर खां की दुकान से डायनोमा और ट्रैक्टर की बैटरी आदि चोर ले गए। 6 जनवरी को चोरों ने गांधीनगर में मनोज कुमार निवासी शाहपुर की वेल्डिंग की दुकान से डायनोमा का तार एवं वेल्डिंग करने की मशीन में लगा तार तथा और कीमती सामान पार कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली अजीतमल में लिखित तहरीर दी है। उधर, इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अजीतमल बलिराज शाही ने बताया कि चोरों की नकेल कसने के लिए रात गश्त को प्रभावी किया जा रहा है, जल्द ही सभी चोरियों का खुलासा किया जाएगा।
-अबतक दुकानों से छह डायनोमा चोरी हो चुके हैं, एक का भी खुलासा नहीं
अमर उजाला ब्यूरो