उरई। ट्रैक्टर से बाजरा की फसल की कटाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। ट्राली में सवार सात मजदूर घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
चुर्खी थाना क्षेत्र के अभैदेपुर निवासी रामपाल की बाजरा की फसल की कटाई के लिए शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे चुर्खी से ट्रैक्टर-ट्राली में 40 मजदूर बैठकर खेत पर जा रहे थे। जब ट्रैक्टर ग्राम नादई के माइनर के पास पहुंचा तो ढलान होने के कारण ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई।
ट्राली में सवार मजदूरों में चीख पुकार मच गई। यह देख वहां खेतों पर काम रहे किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर के नीचे दबे रामश्री (50) पत्नी श्रीराम, शिवरजनी (30) पत्नी सुरेंद्र, सोनम (15) पुत्री श्रीराम, क्रांति (30) पत्नी मंगलसिंह, रामरती (50) पत्नी लालाराम, संध्या (20) पुत्री बालकराम, मंगलसिंह (32) सभी निवासी चुर्खी को निकाला और तत्काल निजी वाहनों से ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उनका उपचार चल रहा है। उधर, जालौन थाना क्षेत्र के ग्राम नरायणपुरा के माइनर के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। जिससे बाइक सवार रामजी कुशवाहा (19) व सोमवती (35) निवासी दौनापुर कुठौंद गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें जालौन अस्पताल में भर्ती कराया।