हरदोई के मझिला थाना क्षेत्र के सहरुआ गांव में संदिग्ध हालात में झुलसकर महिला की मौत हो गई। ससुरालीजन घर के बाहर उसका शव रखकर भाग निकले।
मृतका के पिता ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी को जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर गंगा गांव निवासी राकेश ने बेटी पूजा (25) की शादी तीन साल पहले मझिला थाना क्षेत्र के सहरुआ गांव निवासी रामप्रकाश उर्फ विशाल से की थी।
उसके कोई बच्चा नहीं था। बुधवार शाम पूजा की ससुराल में संदिग्ध हालात में झुलसकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने मायके पक्ष को सूचना दी। देर शाम मृतका के पिता राकेश अन्य परिजनों के साथ मौके पर आ गए। मायके पक्ष को पूजा का जला शव घर के बाहर पड़ा मिला।
मृतका के पिता का आरोप है कि उसने बेटी की शादी में दहेज दिया था। इसके बाद भी ससुरालीजन दहेज में कार और चेन की मांग कर उसे प्रताड़ित करते थे।
आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने बेटी की जिंदा जलाकर हत्या कर दी है। राकेश ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति, ससुर संतराम, जेठ कृष्णपाल, जेठानी किरन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मायके पक्ष को दे दिया। एसओ अशोक यादव ने बताया मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध हालात में झुलसी महिला, मौत
मझिला थाना क्षेत्र के सहरुआ गांव की घटना, मेन गेट के बाहर जला शव रखकर ससुरालीजन भाग निकले
पिता ने ससुरालियों पर लगाया जिंदा जलाने का आरोप