उरई। जयपुर से लौट रहे एक युवक के साथ ट्रैवल्स बस में जहरखुरानी हो गई। जहरखुरान गिरोह ने उसे नशीला बिस्कुट खिलाकर बैग पार कर दिया, जिसमें नगदी व जेवरात पड़े थे। बस कंडक्टर ने युवक को उरई से मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां चार दिन बाद होश आने के बाद उसने उरई कोतवाली में अपने साथ ही जहरखुरानी की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम ककहरा निवासी बृजमोहन पुत्र मथुरा प्रसाद राजस्थान के जयपुर में पानी पुरी का धंधा करता है। 21 मई को वह गांव आने के लिए जयपुर से न्यू जनता ट्रैवल्स की बस में सवार हुआ था। वह जैसे ही अपनी सीट पर पहुंचा तो एक युवक उसकी सीट पर आकर लेट गया।
उसने उठने को कहा तो युवक ने थोड़ी देर में उठने की बात कही। ऐसे में ही दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी बीच उस युवक ने अपने बैग से बिस्कुट का पैकेट निकाला और खाने लगा। उसने दो बिस्कुट बृजमोहन को खाने के लिए दिए तो उसने मना कर दिया।
कुछ देर में उसकी बातों में आकर ब्रजमोहन ने बिस्कुट खा लिया। थोड़ी देर में ही बृजमोहन बेहोश होने लगा तो उसने मोबाइल से अपने समधी रमकांत निवासी धंतौली को फोन किया, लेकिन बात नहीं कर पाया और बेहोश हो गया। वह युवक उसका बैग पार कर भाग गया। बस उरई पहुंचने पर ड्राइवर व कंडक्टर ने मिलकर उसे बेहोश की हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
वहां पर चार दिन इलाज के बाद उसे शनिवार की सुबह होश आया तो उसने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। उसने बताया कि जहरखुरान गिरोह का वह सदस्य जो बैग ले गया उसमें उसके 48 हजार रुपये नगद व पत्नी के लिए बनवाए गए एक जोड़ी सोने के बाला व बच्चों के लिए कपड़े समेत अन्य काफी सामान रखा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार दिन बाद होश आने पर कोतवाली में दी तहरीर
नशीला बिस्कुट खिला नगदी-जेवर रखा बैग पार किया
अमर उजाला ब्यूरो