अमर उजाला फालोअप
दिबियापुर (औरैया)। गाजियाबाद से गांव आते समय पांच दिन पहले युवक के लापता होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। गुरुवार को पिता ने गांव के दो लोगों पर गायब करने का आरोप लगाया है।
ग्राम रघुनाथपुर निवासी सौरभ पुत्र आशाराम 16 दिसंबर को गाजियाबाद से कालका मेल से दिबियापुर आने के लिए निकला था। पांच दिन बाद भी सौरभ का कोई सुराग नहीं लग सका है। गुरुवार की शाम पहुंचे सौरभ के परिजनों ने गांव के ही दो युवकों को थाने में प्रभारी निरीक्षक के समक्ष पेश कर बताया कि दोनों युवक ही जबरन उसके बेटे को अपने साथ काम के सिलसिले में ले गए थे।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर ही सौरभ को गायब करने का आरोप लगाया है। हालांकि दोनों युवकों ने बताया कि सौरभ को उन्होंने 16 दिसंबर को कालका मेल के जनरल कोच में बैठा दिया था। दादरी रेलवे स्टेशन तक उसकी सौरभ से बात होती रही। परंतु इसके बाद मोबाइल स्विच आफ जा रहा है। सौरभ के पिता आशाराम के अनुसार सौरभ दिबियापुर स्थित एक कान्वेंट स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ता है। इसी के चलते उन्होंने आरोपियों से कहा था कि उसके बेटे को कहीं न ले जाएं।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि दोनों युवकों पर सौरभ को गायब किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।