अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। फेसबुक पर जाति विशेष के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर आरएसएस के सदस्य ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया कि यूजर लगातार एक जाति विशेष की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर रहा है।
पुलिस अभियान चलाकर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने से बचने की हिदायत दे रही है। बावजूद इसके लोग अभद्र टिप्पणी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। आरएसएस के सदस्य शिव दीक्षित ने बताया कि फेसबुक पर भीम पुत्र नाम से बनी आईडी से एक जाति विशेष के लोगों के खिलाफ लिखा जा रहा है। इसके अलावा उस आईडी से महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी की जा रही। आपत्तिजनक फोटो में एक जाति विशेष की महिलाओं के बारे में लिखकर पोस्ट किया जा रहा है। शिवम दीक्षित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की जांच में पाया गया है कि अज्ञात व्यक्ति की ओर से आईडी फर्जी तरीके से बनाई गई है। कोतवाल अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।