वकील पर कुल्हाड़ी से हमला, मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरूवार को गाय को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अधिवक्ता पर कुल्हाड़ी मारकर जान से मारने का प्रयास किया। वकील ने आधा दर्जन अधिवक्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचकर युवक के खिलाफ 307 धारा में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी अधिवक्ता आदित्य दीक्षित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर एक युवक के खिलाफ जान से मारने की नियत से कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर में अधिवक्ता आदित्य ने बताया कि दो माह पहले उन्होंने सड़क पर आवारा घूम रही एक गाय को पकड़ कर अपने घर के बाहर बांध लिया। इस दौरान उन्होंने दो माह तक उसकी खूब सेवा की। बताया कि दो-तीन दिन पहले उनकी गाय की रस्सी अचानक खुल गई। इस पर वह इधर-उधर निकल गई। गाय को ढूढ़ते हुए वह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आनेपुर पहुंचे। जहां आनेपुर निवासी गुड्डू पुत्र छैल बिहारी के घर के बाहर गाय को बंधा पाया। इस पर उन्होंने उक्त युवक से गाय को वापस करने के लिए कहा। जिस पर वह गाली गलौज करने लगा। अधिवक्ता ने बताया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त युवक ने कुल्हाड़ी से उनके ऊपर वार कर दिया। हालांकि वह किसी तरह से बच गए। कुल्हाड़ी के वार से उनके हाथ की अंगुली में चोट लग गई। अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने देर शाम उक्त युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।