अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर(औरैया)।
क्षेत्र के अमृतपुर गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता को मिट्टी का तेल डालकर जला दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों के खिलाफ दिबियापुर थाने में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इटावा के भरथना थाना के पुठिया साम्हों निवासी सूरत राम ने थाने में तहरीर दी है कि उसने अपनी बेटी रुबी (28) की शादी सात साल पहले अमृतपुर निवासी बलवीर सिंह के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर रूबी को मारने व प्रताड़ित करने लगे। कई बार समझौते हुए लेकिन ससुरालीजन उसको बराबर प्रताड़ित करते रहे। शनिवार दोपहर उन्हें गांव के लोगों से सूचना मिली कि रुबी को ससुरालीजनों ने जलाकर मार डाला है। जब वह लोग अमृतपुर पहुंचे तो रुबी के ससुरालीजन घर छोड़कर भाग गए थे। मृतका के पिता ने पति बलबीर सिंह, सास निर्मला, ससुर रामदास व ननद पप्पी के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।